CENTRAL DESK
ओडिशा के नयागढ़ जिले में तीर्थयात्रियों से भरी एक बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में करीब 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से कुछ को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर किया गया है।
देर रात घाटी में हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार देर रात दसपल्ला थाना क्षेत्र के पिथाखाई घाटी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, “मां सिंघेश्वरी” नाम की एक प्राइवेट टूरिस्ट बस बरहामपुर से बलांगीर जिले के हरिशंकर और नृसिंहनाथ मंदिर के दर्शन के लिए जा रही थी। बस में करीब 55 तीर्थयात्री सवार थे। रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच घाटी पार करते समय ड्राइवर का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस पलट गई।
राहत-बचाव में जुटी टीम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल दसपल्ला मेडिकल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
ड्राइवर पर नशे का शक, जांच जारी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भुवनेश्वर के बड़े अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।
इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें एक दंपती समेत कुल पांच लोग शामिल हैं। सभी यात्री बरहामपुर इलाके के बताए जा रहे हैं। यह समूह तीन दिन के धार्मिक दौरे पर निकला था और एक अप्रैल को वापस लौटने वाला था, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
