झारखंड पुलिस कर्मियों के लिए बड़ी सौगात: SBI ने बढ़ाया बीमा कवरेज, सामान्य मृत्यु पर भी 10 लाख का बीमा

9th October 2025

RANCHI

झारखंड पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच हुए वेतन पैकेज (Salary Package) से जुड़े समझौता ज्ञापन (MoU) में आज एक महत्वपूर्ण विस्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय, रांची स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक झारखंड की उपस्थिति में एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के हित में इस पैकेज में जोड़ी गई नई सुविधाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी और झारखंड पुलिस महानिदेशक ने एक-दूसरे को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

बैठक में बताया गया कि अब इस MoU के अंतर्गत 10 लाख रुपये का नया ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस (जीवन बीमा) जोड़ा गया है। इसका लाभ उन पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी मिलेगा, जिनकी मृत्यु दुर्घटना के अतिरिक्त किसी अन्य कारण से होती है।

पहले से ही इस पैकेज में 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा (Accidental Coverage), 1.60 लाख रुपये का जीवन बीमा कवरेज, 1 करोड़ रुपये का पूर्ण विकलांगता कवरेज, और 80 लाख रुपये का आंशिक विकलांगता कवरेज शामिल है। इसके अलावा, पुलिसकर्मियों के परिवारों को भी कई प्रकार की अतिरिक्त सुविधाएं और सहायता दी जा रही हैं।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि वर्ष 2023 में हुए पहले MoU के बाद से अब तक 32 पुलिसकर्मियों के परिजनों को आकस्मिक बीमा लाभ प्रदान किया गया है। वहीं, MoU से पहले की घटनाओं में 9 परिवारों को यह सहायता मिली थी। यानी कुल मिलाकर 43 परिवारों को Police Salary Package Account के माध्यम से सहायता प्रदान की गई है।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक झारखंड ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एसबीआई ने राज्य के पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के हित में सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एसबीआई के मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे को प्रशस्ति पत्र (Commendation Roll) प्रदान किया।

कार्यक्रम में झारखंड पुलिस की ओर से आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, आईजी प्रशिक्षण ए. विजयालक्ष्मी, आईजी मानवाधिकार क्रांति कुमार गडिदेशी, आईजी अभियान डॉ. माईकलराज एस, आईजी जगुआर अनुप बिरथरे, डीआईजी जगुआर इंद्रजीत माहथा, डीआईजी झासपु एस. कार्तिक, डीआईजी कार्मिक सुरेंद्र कुमार झा, डीआईजी विशेष शाखा चौथे मनोज रतन, डीआईजी बजट संध्या रानी मेहता, पुलिस एसोसिएशन के सदस्य तथा एसबीआई की ओर से जीएम (NW) विवेक चंद्र जायसवाल, डीजीएम (B&O) मनोज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस MoU के जरिए झारखंड पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी वित्तीय सुविधाओं में एक और मजबूत कदम जोड़ा गया है, जिससे न केवल पुलिसबल का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उनके परिवारों को भी बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *