CENTRAL DESK
श्रीलंका में भारी तबाही और करीब 200 मौतों के बाद चक्रवाती तूफान दितवाह अब भारत के बेहद करीब पहुंच चुका है। यह इस समय तमिलनाडु से करीब 80 किलोमीटर दूर है। राज्य में तूफान के शुरुआती असर से 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई हिस्सों में तेज़ हवाएं और बारिश जारी है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश में बहुत भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट है।
सुबह 8:30 बजे के IMD अपडेट में दितवाह पुडुचेरी से 110 किमी दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से 140 किमी दूर था, जो अब घटकर महज 80 किमी रह गया है। आज दोपहर और शाम तक यह तूफान तट से 60 किमी और फिर 30 किमी की दूरी पर केंद्रित रहेगा।
श्रीलंका में तबाही जारी
श्रीलंका में दितवाह की वजह से आई बाढ़ और लैंडस्लाइड में 193 लोगों की मौत और 228 लोग लापता हैं। करीब 9.68 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
राहत कार्य में भारत की NDRF और इंडियन एयर फोर्स पूरी ताकत के साथ श्रीलंकाई एजेंसियों की मदद कर रही हैं।
तमिलनाडु में बढ़ते खतरे के बीच रेड अलर्ट
IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान पिछले 6 घंटों में 7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ रहा है। दक्षिण भारत के तटों के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।

