245 नए ब्लॉक हेल्थ यूनिट से बदलेगा झारखंड का हेल्थ मैप, गांव-गांव तक मजबूत होगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच


ब्लॉक स्तर पर मजबूत होगा पब्लिक हेल्थ सिस्टम, झारखंड बनेगा अग्रणी स्वास्थ्य मॉडल



RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य के सभी जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 203 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) स्थापित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि BPHU की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक आधुनिक, संवेदनशील और जन-केंद्रित बनेंगी।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,
“ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हमारा लक्ष्य है कि हर ब्लॉक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, समय पर जांच, सटीक डाटा और त्वरित स्वास्थ्य प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो। आदिवासी, दूरदराज और वंचित क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”

ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) को ब्लॉक स्तर पर एक विकेन्द्रीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्लिनिकल सेवाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। BPHU निगरानी (सर्विलांस), योजना निर्माण, आपातकालीन तैयारी और समन्वित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया के लिए ब्लॉक स्तर की प्रमुख इकाई के रूप में कार्य करेगी।

प्रत्येक BPHU में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या ब्लॉक PHC जैसे मौजूदा स्वास्थ्य संस्थान, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ लैब (BPHL) और ब्लॉक हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) सेल शामिल होंगे। इससे स्वास्थ्य जोखिमों की समय पर पहचान और प्रमाण-आधारित त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) और 15वें वित्त आयोग के तहत स्थापित होने वाले ये 245 BPHU झारखंड को एक मजबूत, लचीली और विकेन्द्रीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की ठोस नींव प्रदान करेंगे। यह पहल विशेष रूप से आदिवासी, दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *