झारखंड कौशल उत्कर्ष के विजेताओं का सम्मान, संजय यादव बोले- युवाओं को हुनर व रोजगार दे रही सरकार



 

Ranchi


श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा है कि राज्य के सभी प्रखंडों में नए कौशल केंद्र खोले जाएंगे, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को घर के पास ही उनकी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। वे शुक्रवार को झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) के तत्वावधान में आयोजित ‘झारखंड कौशल उत्कर्ष’ के भव्य समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सतत प्रयासरत है और कौशल विकास के माध्यम से उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर प्रखंड में कौशल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो, जिससे ग्रामीण और शहरी युवाओं के बीच अवसरों की खाई को समाप्त किया जा सके।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुनर का लोहा मनवाएंगे झारखंड कौशल उत्कर्ष के विजेता

समारोह के दौरान मंत्री  संजय प्रसाद यादव ने झारखंड कौशल उत्कर्ष के 39 विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ये प्रतिभागी केवल राज्य के विजेता नहीं हैं, बल्कि वर्ष 2026 में चीन में आयोजित होने वाली India Skills Competition के लिए झारखंड के राजदूत भी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने कौशल का प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे और राज्य को वैश्विक पहचान दिलाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के स्वर्ण और रजत पदक विजेता आगामी माह में ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में होने वाले अगले चरण की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागी चीन में आयोजित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मंत्री ने कहा कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें नियोजित अथवा स्वनियोजित करने की दिशा में एक मजबूत सारथी के रूप में कार्य कर रही है। यह दिन झारखंड के कौशल विकास इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

औद्योगिक साझेदारी और ग्लोबल प्लेसमेंट को मिला बढ़ावा

कुशल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ नए समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इन औद्योगिक साझेदारियों के माध्यम से राज्य के प्रशिक्षित युवाओं के लिए वैश्विक कंपनियों में रोजगार के द्वार खुलेंगे।

समारोह के दौरान कौशल प्रशिक्षण के अतिरिक्त अन्य उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों के लिए रांची के उप-श्रमायुक्त-सह-जिला कौशल पदाधिकारी एवं उनकी पूरी जिला टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंत्री ने टीम के समर्पण, बेहतर प्रबंधन और नवाचार की मंच से सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *