स्वर्ण पदक से चमका झारखंड, IITF 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला गोल्ड अवॉर्ड

27th November 2025

NEW DELHI

भारत मंडपम में आयोजित 44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2025 में फोकस स्टेट झारखंड ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह गोल्ड अवॉर्ड झारखंड की नवाचारी सोच, सांस्कृतिक विविधता और उत्कृष्ट प्रस्तुति कौशल का सबूत बनकर सामने आया, जिसने निर्णायकों और आगंतुकों दोनों का दिल जीत लिया। यह सम्मान राज्य के प्रयासों, प्रतिभा और आधुनिक सोच का मजबूत प्रतीक है तथा झारखंड के लिए गौरव का बड़ा अवसर भी है।

गुरुवार को देश के सबसे बड़े व्यापार मेले IITF 2025 का भव्य समापन हुआ, जिसमें झारखंड पैवेलियन पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण बना रहा। फोकस स्टेट झारखंड ने इस बार अपनी विशिष्ट थीम, अनोखी सज्जा, विविध उत्पादों और लाइव डेमो के ज़रिए आगंतुकों पर गहरी छाप छोड़ी। मेले के अंतिम दिन झारखंड पैवेलियन में भारी भीड़ उमड़ी, जहां दर्शकों ने राज्य की कला, संस्कृति, उद्योग और तकनीक का एक जीवंत संगम देखा। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी का उत्साह पूरे दिन बना रहा।

इस वर्ष झारखंड पैवेलियन के स्टॉल ऑपरेटरों ने अपने बेहतरीन उत्पादों और सेवाओं से लोगों को खास अनुभव दिया। करियातपुर ब्रास, झारक्राफ्ट, तसर और बांस उत्पाद, फ्यूज़न ज्वेलरी, आदिवासी हस्तनिर्मित क्राफ्ट समेत कई स्टॉल पर पूरे मेले में शानदार बिक्री हुई। अंतिम दिन आकर्षक ऑफरों और छूट के चलते लम्बी-लम्बी कतारें देखने को मिलीं।

पैवेलियन में झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों के स्टॉल भी खास आकर्षण बने रहे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उद्योग विभाग, पर्यटन, आईटी विभाग, रांची स्मार्ट सिटी, वन एवं जलवायु परिवर्तन, माइंस एंड जियोलॉजी, मुख्यमंत्री लघु उद्योग विभाग और माटीकला बोर्ड सहित अन्य स्टॉलों पर दर्शकों ने विस्तृत जानकारी हासिल की। खरीदारी में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान के व्यापक उपयोग ने सभी के अनुभव को और आसान बनाया।

IITF 2025 में झारखंड के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उद्यम विकास, पर्यटन संभावनाओं, कला-संस्कृति और नवाचार की नई पहचान स्थापित की है। झारखंड पैवेलियन ने न केवल दर्शकों का ध्यान खींचा, बल्कि व्यापारियों और निवेशकों के लिए नए अवसरों का रास्ता भी खोला।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *