New Delhi
नई दिल्ली में डाक विभाग ने पार्सल और दस्तावेजों की तेज डिलीवरी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने तीन नई प्रीमियम हाई-स्पीड सेवाएं शुरू की हैं, जिनके तहत 24 और 48 घंटे के भीतर डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी। यह पहल तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स बाजार को ध्यान में रखते हुए की गई है।
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह लॉन्च इंडिया पोस्ट के लिए एक नई शुरुआत है और आने वाले समय में लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
क्या हैं नई सेवाएं?
डाक विभाग द्वारा शुरू की गई तीन सेवाओं में ‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ शामिल हैं। इन सेवाओं के तहत तत्काल और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
इन प्रीमियम सेवाओं में ग्राहकों को ओटीपी आधारित डिलीवरी, एंड-टू-एंड ट्रैकिंग और रीयल-टाइम एसएमएस अलर्ट जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे पार्सल की सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों बढ़ेगी।
किन शहरों में शुरू हुई सेवा?
फिलहाल इन सेवाओं की शुरुआत देश के छह प्रमुख शहरों—दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद—में की गई है। विभाग का कहना है कि आगे चलकर इसे अन्य शहरों में भी विस्तार दिया जाएगा।
समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रोसेसिंग सिस्टम और प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का उपयोग किया जाएगा, जिससे पार्सल तेजी से गंतव्य तक पहुंच सके।
ई-कॉमर्स बाजार पर नजर
सिंधिया ने बताया कि भारत का ई-कॉमर्स बाजार तेजी से बढ़ रहा है और 2030 तक इसके 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो मौजूदा 11 लाख करोड़ रुपये से लगभग तीन गुना अधिक है। ऐसे में डाक विभाग की ये नई सेवाएं न सिर्फ ग्राहकों के लिए फायदेमंद होंगी, बल्कि ई-कॉमर्स कंपनियों को भी तेज और भरोसेमंद डिलीवरी विकल्प उपलब्ध कराएंगी। इससे लॉजिस्टिक्स सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ने और सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।
