सीएम हेमंत सोरेन ने 1910 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, CGL-2023 से चयनित अभ्यर्थियों के खिले चेहरे


“मेहनत से पाया मुकाम, निष्ठा से निभाएं जिम्मेदारी” – नवनियुक्त कर्मियों को मुख्यमंत्री का संदेश




Ranchi

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा–2023 (CGL) के माध्यम से चयनित 1910 पदाधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने इसे नव वर्ष का बड़ा तोहफा बताया और कहा कि जिस संघर्ष और मेहनत से आपने यह सफलता हासिल की है, उसी निष्ठा, लगन और सेवा भावना से राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का हर नौजवान अपने पैरों पर खड़ा हो। युवाओं के विश्वास और सहयोग के बल पर सरकार विकास की “लंबी और गाढ़ी लकीर” खींच रही है, जो झारखंड और यहां के लोगों की जिंदगी में बदलाव ला रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोग जेल जाएंगे।

सीजीएल परीक्षा के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया में कई तरह की चुनौतियां और बाधाएं आईं, लेकिन सरकार और जेएसएससी पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ अभ्यर्थियों के साथ खड़ी रही। संगठित साजिशों को नाकाम किया गया और अंततः मेहनत और ईमानदारी की जीत हुई। नियुक्ति पत्र मिलने से न केवल अभ्यर्थी बल्कि उनके परिवार भी खुश हैं।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों से अपील की कि वे अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी काबिल बनाने में सहयोग करें। जब हर युवा मजबूत होगा, तभी राज्य भी सशक्त बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि नियुक्तियों के साथ-साथ सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार गंभीर है और विभिन्न बैंकों के साथ एमओयू के जरिए दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आप अब सरकार के अंग हैं, आपकी कार्यशैली से सरकार की छवि बनती है और राज्य की दिशा तय होती है। सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 2019 से लगातार नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। एक साल में 10 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। कृषि पदाधिकारी, मेडिकल ऑफिसर, शिक्षक, एएनएम-जीएनएम समेत विभिन्न पदों पर बड़े पैमाने पर बहाली हुई है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और परीक्षा के पारदर्शी आयोजन तथा नियुक्ति पत्र मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *