कांके पावर ग्रिड लूट कांड सुलझा, SIT की कार्रवाई में गिरोह के 7 अपराधी गिरफ्तार

 

RANCHI

रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में ग्रीड सब-स्टेशन में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कांके स्थित 132/33 ग्रीड सब-स्टेशन में हुई इस वारदात में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने लूटे गए सामान का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है।

यह घटना 23-24 मार्च 2026 की रात की है, जब 12 से 15 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने सब-स्टेशन के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया था। इस मामले में पिठौरिया थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

SIT जांच में खुलासा, 15 अपराधी शामिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी और आसूचना आधारित जांच के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इस घटना में कुल 15 अपराधी शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, सभी अपराधियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से डकैती को अंजाम दिया। गिरोह ने स्टोर रूम से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के कॉपर वायर, NVR सिस्टम, अर्थ स्विच ब्लेड और अन्य सामान लूटे थे।

भारी मात्रा में सामान और वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 100 किलो तांबे का तार, नकद राशि, टॉर्च समेत कई सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ऑटो, दो बाइक, सात मोबाइल फोन और तार काटने के औजार भी जब्त किए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए कॉपर तार को कबाड़ी कारोबारी रंजीत मोदी और अन्य दुकानों में बेच दिया गया था, जिसके बाद रकम का आपस में बंटवारा किया गया।

आगे की कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जबकि अन्य की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में शामिल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

रांची पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *