रांची में टैक्स डिफॉल्टर्स पर सख्ती, होटल रेडियेंट और ए-वन गेस्ट हाउस के बैंक खाते फ्रीज करने की तैयारी

25th November 2025

Ranchi
होल्डिंग टैक्स की अदायगी से बच रहे प्रतिष्ठानों पर रांची नगर निगम ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। निगम की राजस्व शाखा ने होटल रेडियेंट और ए-वन गेस्ट हाउस के खिलाफ बैंक खाते फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों को लंबे समय से बकाया भुगतान के संबंध में कई नोटिस दिए गए थे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

निगम अधिकारियों के मुताबिक 11 दिसंबर 2024 को झारखंड नगरपालिका संपत्तिकर निर्धारण एवं वसूली नियमों के तहत दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 12 दिसंबर को उनकी मापी (मेजरमेंट) की गई और डिमांड की कॉपी भी अस्थायी धारकों को थमा दी गई थी। बावजूद इसके, अब तक निगम कार्यालय में एक रुपये का भी भुगतान जमा नहीं हुआ।

कितना है बकाया?

  • होटल रेडियेंट (होल्डिंग संख्या: 0140005190000A1)
    बकाया राशि: ₹4,82,770
  • ए-वन गेस्ट हाउस (होल्डिंग संख्या: 0140005189000A1)
    बकाया राशि: ₹2,04,096

निगम की सख्ती शुरू

लगातार डॉट इन की रिपोर्ट के अनुसार, होल्डिंग टैक्स नहीं जमा करने पर नगर निगम ने झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा 184(ड़) के तहत दोनों धृतिधारकों के बैंक खाते और अन्य वित्तीय लेनदेन फ्रीज करने को लेकर लीड डेवलपमेंट मैनेजर को पत्र भेज दिया है। नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि समय रहते अपना होल्डिंग टैक्स जमा करें, ताकि उन्हें ऐसी कठोर कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *