JLKM का डिजिटल आंदोलन: छात्रवृत्ति भुगतान के लिए 24 दिसंबर से #ReleaseScholarship अभियान

RANCHI

झारखंड में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी के खिलाफ अब डिजिटल स्तर पर आंदोलन तेज किया जाएगा। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने छात्रवृत्ति भुगतान की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में 24 दिसंबर 2025, बुधवार को सुबह 7:00 बजे से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर #ReleaseScholarship हैशटैग अभियान शुरू किया जाएगा, जिसे नंबर वन ट्रेंड बनाने की तैयारी है।

संगठन का कहना है कि झारखंड सरकार द्वारा समय पर छात्रवृत्ति भुगतान नहीं होने के कारण राज्य के लाखों छात्र पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं। छात्रवृत्ति का मुद्दा फिलहाल सड़क से सदन तक गरमाया हुआ है। डुमरी से रांची तक करीब 200 किलोमीटर की छात्र अधिकार पदयात्रा के बाद अब इस आंदोलन को डिजिटल मंच पर ले जाया जा रहा है।

मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रवृत्ति भुगतान में केंद्र और राज्य सरकार के बीच आपसी राजनीतिक टकराव का खामियाजा सीधे तौर पर छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए और इंडिया गठबंधन के राजनीतिक षड्यंत्र के बीच झारखंड के छात्र पिस रहे हैं।

देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि डिजिटल आंदोलन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर दबाव बनाया जाएगा, ताकि लंबित छात्रवृत्ति राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित हो सके। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *