धनबाद की 8 लेन सड़क फिर धंसी, आठवीं बार सामने आई खामी, 461 करोड़ की परियोजना पर सवाल
DHANBAD
झारखंड की पहली 461.90 करोड़ लागत से बनी आठ लेन सड़क एक बार फिर धंस गई है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क में यह आठवीं बार धंसने की घटना सामने आई है। ताजा मामला मंगलवार का है, जब झारखंड मोड़ के पास सर्विस लेन में लगभग तीन फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। सड़क के नीचे भारी जलजमाव भी देखा गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई वाहन दुर्घटना से बाल-बाल बचे।
बार-बार धंसने से बढ़ी चिंता
इस सड़क का उद्घाटन 5 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था, लेकिन उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर ही पहली बार सड़क धंस गई थी। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर लगातार गड्ढे बनने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कभी भूली ओवरब्रिज के पास, तो कभी मेमको मोड़ और राजा तालाब इलाके में सड़क धंसने से आवागमन तक प्रभावित हुआ।
निर्माण एजेंसियों पर उठे सवाल
इस सड़क का निर्माण दो एजेंसियों- शिवालय कंस्ट्रक्शन और त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया गया है। अलग-अलग हिस्सों में दोनों कंपनियों ने काम किया है, लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं के बाद दोनों की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जिस जगह ताजा गड्ढा बना है, वहां निर्माण कार्य त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन ने किया था।
पाइपलाइन और तकनीकी खामियां बनी वजह
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सड़क के नीचे से गुजर रही पेयजल विभाग की मेन राइजिंग पाइपलाइन भी धंसने की एक बड़ी वजह मानी जा रही है। कई बार पानी का दबाव बढ़ने से पाइपलाइन प्रभावित होती है, जिससे सड़क के नीचे खाली जगह बन जाती है और वह धंस जाती है। फिलहाल मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं ने पूरे प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
