मैरी क्रिसमस: आर्चबिशप से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट, सौहार्द और एकता पर हुई सार्थक चर्चा

Ranchi

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आर्चबिशप विंसेंट आइंद से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें क्रिसमस पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्रिसमस के संदेश—प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता—को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर बल दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कान्त सहाय, रोशन लाल भाटिया, आलोक कुमार दूबे, विनय सिन्हा दीपू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतीश पॉल मुंजिनी, दीपक सिन्हा, विजय शंकर नायक, रोहित सिन्हा, मेहुल दूबे, रवि चंद कपूर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल थे।

मुलाकात के दौरान सामाजिक सौहार्द, आपसी सम्मान और एकता को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। आर्चबिशप विंसेंट आइंद ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, करुणा, क्षमा और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को नफरत नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति और भाईचारे का पर्व है और आज देश को इन्हीं मूल्यों की सबसे अधिक जरूरत है, जिसे कांग्रेस हमेशा मजबूती से आगे बढ़ाती रही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कान्त सहाय ने कहा कि क्रिसमस सेवा, त्याग और मानवता का संदेश देता है। सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी समुदायों के साथ मिलकर सामाजिक एकता, भाईचारे और संविधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पूर्व कांग्रेस नेताओं ने यीशु संभाजी, रेक्टर अजीत खेस और बिशप सीमांत तिर्की से भी मुलाकात कर उन्हें क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *