Ranchi
असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर रणनीतिक तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की को असम चुनाव में सीनियर ऑब्जर्बर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस सिलसिले में बंधु तिर्की इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं।
शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ असम चुनाव को लेकर विस्तृत बैठक हुई। बंधु तिर्की ने बताया कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है। असम की हर विधानसभा सीट की सामाजिक, राजनीतिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की गई है।
बैठक में के.सी. वेणुगोपाल ने चुनावी दृष्टि से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर अमल करते हुए कांग्रेस असम में नई ऊर्जा के साथ जनता को गोलबंद करने की दिशा में काम करेगी। खास तौर पर टी ट्राइब्स से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस प्रमुखता से उठाएगी, जिसमें उन्हें ST का दर्जा और जमीन का पट्टा दिलाने जैसे सवाल शामिल हैं।
इसके साथ ही कांग्रेस असम के स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और बीजेपी पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी। दिल्ली प्रवास के दौरान बंधु तिर्की ने पश्चिम बंगाल के सीनियर ऑब्जर्बर प्रकाश जोशी, असम पीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से भी मुलाकात की। इन सभी नेताओं के साथ आगामी चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।
