
Ranchi
राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर सोमवार को बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एकता, ऊर्जा और उत्साह के साथ इस रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ झारखंड रजत जयंती समारोहों और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला की औपचारिक शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा— “मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं, जिनके संघर्ष, कुर्बानी और शहादत से झारखंड की पहचान बनी। राज्य का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। ‘रन फॉर झारखंड’ के माध्यम से हम एकता और अपनत्व की भावना को और मजबूत करना चाहते हैं।”
उन्होंने बताया कि झारखंड की रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी।
कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सी. सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आम नागरिक मौजूद थे।

