HPV टीकाकरण के दौरान स्कूल में अफरा-तफरी, 6 छात्राएं बेहोश; 2 को किया गया रेफर, यहां हुई घटना



Araria (Jokihat)

जोकीहाट प्रखंड के उत्क्रमित हाई स्कूल बगडहरा में उस समय अफरातफरी मच गई, जब सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के दौरान करीब आधा दर्जन छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय होना पड़ा।

बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम नौ से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगा रही थी। करीब 25 से 30 छात्राओं को टीका लगाए जाने के बाद कुछ छात्राओं ने चक्कर और घबराहट की शिकायत की। देखते ही देखते कई छात्राएं एक-एक कर गिरने लगीं, जिससे कक्षाओं में दहशत का माहौल बन गया।

विद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी बेहोश छात्राओं को एंबुलेंस से जोकीहाट रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर किया गया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में हलचल की स्थिति बन गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शम्स जमाल ने बताया कि स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी में टीकाकरण चल रहा था, तभी कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।

सिविल सर्जन डा. के.के. कश्यप ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. मोईज को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ छात्राओं को मिचली और उल्टी की शिकायत हुई थी। फिलहाल सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं और स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *