लातेहार: ओरसा घाटी में दर्दनाक हादसा, फॉल देखने जा रही बस पलटी; 5 महिलाओं की मौत

 

छत्तीसगढ़ से झारखंड आ रही बस दुर्घटनाग्रस्त, कई घायलों की हालत गंभीर

Latehar

झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 5 महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घायलों को बड़ी संख्या में महुआडांड़ के सरकारी अस्पताल और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 80 लोग सवार थे। बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध फॉल की ओर जा रही थी। ओरसा घाटी में अचानक बस पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रशासन की आशंका है कि बस के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं। राहत कार्य के दौरान कुछ घायलों के बस के नीचे फंसे होने की सूचना भी मिली है।

बस पलटने की खबर मिलते ही प्रखंड क्षेत्र के कई स्थानीय क्लिनिकों के प्रैक्टिशनर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और डॉक्टरों के साथ मिलकर घायलों के इलाज में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन ज्ञान गंगा हाई स्कूल, बलरामपुर की स्कूल बस है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *