फिर दागदार हुई वर्दी: नवगछिया बाजार में दरोगा का खूनी तांडव, सिपाही को चाकू से गोदकर मौके से फरार


मजाक से शुरू हुआ विवाद बना खूनी हमला, पेट-सीने पर ताबड़तोड़ वार कर फरार हुआ आरोपी

Navgachia

शुक्रवार सुबह नवगछिया में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। एक दरोगा ने कथित तौर पर अपने ही विभाग के पीटीसी सिपाही विशाल कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। घटना बाजार इलाके में हुई, जहां दोनों के बीच मामूली मजाक अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

घायल सिपाही के मुताबिक, वह सब्जी मंडी में सब्जी लेने गया था। वहीं दरोगा भी मौजूद था। दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक चल रही थी, तभी अचानक दरोगा ने चाकू निकाल लिया और पेट व सीने पर कई वार कर दिए। घायल सिपाही मौके पर गिर पड़ा। भीड़ जुटते ही आरोपी दरोगा फरार हो गया।

घटना के बाद सिपाही को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल ले जाते समय विक्रमशिला सेतु पर जाम के कारण एंबुलेंस फंस गई, हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता खाली कराया गया और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घायल सिपाही का बयान दर्ज कराया जा रहा है और नवगछिया टाउन थाना प्रभारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरोपी दरोगा की तलाश जारी है। घटना ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। विभागीय स्तर पर भी मामले की समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *