विज्ञान- अल्बानिया में दुनिया की पहली AI मंत्री, सरकारी कामकाज में भ्रष्टाचार पर रखेगी नज़र

13th September 2025

हैदराबाद

तकनीक के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए अल्बानिया ने अपने मंत्रिमंडल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जगह दी है। यहां Diella नाम की एक वर्चुअल AI मंत्री को कैबिनेट का हिस्सा बनाया गया है, जिसका मुख्य काम सरकारी टेंडर्स में पारदर्शिता बनाए रखना और भ्रष्टाचार पर रोक लगाना है। प्रधानमंत्री एदी रामा ने हाल ही में इस डिजिटल अवतार को औपचारिक रूप से लॉन्च किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Diella दुनिया की पहली AI मंत्री है, जो देश में होने वाले सभी सार्वजनिक टेंडर्स पर निगरानी रखेगी। रामा का कहना है कि इस पहल से सरकारी फंडिंग पूरी तरह पारदर्शी बनेगी। दिलचस्प बात यह है कि Diella किसी दफ्तर में नहीं बैठती, बल्कि e-Albania नाम के सरकारी पोर्टल पर 24×7 एक्टिव रहती है।

Diella की विशेषताएँ

  • जनवरी 2025 में लॉन्च की गई।
  • अब तक हजारों दस्तावेज़ और कई सौ डिजिटल सेवाएँ जारी कर चुकी है।
  • पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में नज़र आती है।
  • वॉयस कमांड पर काम करती है और डिजिटल स्टैम्प के साथ डॉक्यूमेंट्स जारी करती है।

अल्बानिया लंबे समय से पब्लिक टेंडर्स में भ्रष्टाचार से जूझता रहा है। यूरोपीय संघ में शामिल होने की कोशिश कर रहे इस देश के लिए ट्रांसपेरेंसी दिखाना ज़रूरी है। ऐसे में Diella को सरकार एक डिजिटल हथियार के रूप में देख रही है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि यह AI मंत्री वाकई भ्रष्टाचार को कितना कम कर पाती है। हालांकि, सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि Diella के निर्णयों की मानवीय समीक्षा होगी या नहीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *