Ranchi
झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने राज्य में 10 और 11 नवंबर को शीत लहर चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है और लोगों को ठंड के बढ़ते असर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हज़ारीबाग, खूंटी और रामगढ़,
उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां,
साथ ही पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में ठंड का असर अधिक रहेगा।
वहीं, उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर और साहेबगंज जिलों में भी शीत लहर के प्रभाव महसूस किए जाने की संभावना है। विशेष रूप से पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार और लोहरदगा जिलों में कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को ये सावधानियां बरतने की सलाह दी-
- लंबे समय तक ठंड में रहने से फ्लू, बहती या बंद नाक और नाक से खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- कंपकंपी को हल्के में न लें, यह शरीर से गर्मी कम होने का संकेत है। जितना संभव हो, घर के अंदर रहें।
- लंबे समय तक ठंड में रहने से शीतदंश (Frostbite) हो सकता है। ऐसी स्थिति में त्वचा पीली और कठोर हो जाती है, बाद में काले छाले भी पड़ सकते हैं। गंभीर मामलों में तुरंत चिकित्सीय सहायता लें।
- शीत लहर का असर कृषि (गेहूं, आलू, सरसों जैसी रबी फसलें), जल आपूर्ति, परिवहन और बिजली पर भी पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी, इसलिए लोगों को अभी से गर्म कपड़ों की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
