ब्रेकिंग: कोयला घोटाला मामले में धनबाद के LBसिंह को EDका समन, 9 मार्च को रांची में पूछताछ

कोल सिंडिकेट कनेक्शन की जांच तेज, ईडी ने एलबी सिंह को फिर भेजा समन

Ranchi

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोयला घोटाला मामले की जांच के दौरान धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह को समन जारी किया है। उन्हें सोमवार, 9 मार्च को सुबह 11 बजे तक रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।

बताया जाता है कि इससे पहले भी ईडी ने एलबी सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। हालांकि समन मिलने के बाद उन्होंने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने में असमर्थता जताई थी और समय मांगा था।

ईडी ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए नई तिथि तय की और अब उन्हें सोमवार को हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले झारखंड और कोलकाता की ईडी टीम ने एक ही दिन झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। कोलकाता ईडी ने अनुप माझी उर्फ लाला के कथित कोयला सिंडिकेट से जुड़े लोगों के ठिकानों पर कार्रवाई की थी।

वहीं झारखंड में धनबाद के चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह समेत अन्य कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापा मारा गया था। जांच एजेंसी को आशंका है कि झारखंड के कुछ कोयला कारोबारी भी लाला के कोयला सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *