Ranchi
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में JPSC अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने के प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं हो सका। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा लाए गए इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने स्थगित कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, 14वीं JPSC परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने के लिए कार्मिक विभाग ने अगस्त 2023 की कट-ऑफ तिथि प्रस्तावित की थी। हालांकि, कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित रखने की बात कही और संकेत दिया कि सरकार इस पर बाद में विचार करेगी।
आज हुई कैबिनेट बैठक में कुल 26 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, लेकिन नगर निकाय चुनाव आचार संहिता के चलते बैठक के बाद आधिकारिक ब्रीफिंग नहीं की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कैबिनेट बैठक में JPSC द्वारा आयोजित संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने पर फैसला लिया जा सकता है, जिससे बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को राहत मिलती। लेकिन फिलहाल अभ्यर्थियों को इस मुद्दे पर और इंतजार करना होगा।
