सेरेंगसिया शहीद दिवस पर वीर शहीदों को CMहेमंत सोरेन की श्रद्धांजलि, 197 योजनाओं की सौगात

3.77 लाख लाभार्थियों को परिसंपत्ति, 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र

Sarengsia (West Singhbhum)


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोटो प्रखंड अंतर्गत सेरेंगसिया पहुंचे, जहां उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर पोटो हो समेत तमाम वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर आयोजित शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीदों का सम्मान झारखंड की परंपरा है, जिसे और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और बलिदान को जान सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई शुरू होने से पहले ही झारखंड की धरती पर आदिवासी समाज ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष छेड़ दिया था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए हमारे पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, यही संघर्ष कोल विद्रोह से लेकर बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, नीलांबर-पीतांबर और पोटो हो तक फैला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार रांची से नहीं, गांवों से चलने वाली सरकार है। सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और इसका असर हर क्षेत्र में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड आज विकास के हर मोर्चे पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक समाज आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक आगे नहीं बढ़ सकता। इसी सोच के तहत सरकार गरीब और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा, नि:शुल्क कोचिंग और विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप दे रही है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर साल 30 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

197 योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

  • 224 करोड़ 78 लाख रुपये की 122 योजनाओं का शिलान्यास
  • 173 करोड़ 40 लाख रुपये की 75 योजनाओं का उद्घाटन

इसके साथ ही 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया और 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक संजीव सरदार, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *