रिश्वत मामले में निलंबित अधिकारी के पास 8.30 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा
Telangana ACB, Venkat Reddy, Corruption Case, Disproportionate Assets, Deputy Collector
Telangana
तेलंगाना में एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को हनुमाकोंडा के डिप्टी कलेक्टर वेंकट रेड्डी के घर और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में कथित तौर पर करोड़ों रुपये की बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है।
ACB सूत्रों के अनुसार, जांच में अब तक करीब 8 करोड़ 30 लाख रुपये की अनुपातहीन संपत्ति की पहचान की गई है। तलाशी अभियान के दौरान दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और संपत्तियों से जुड़े अहम सबूत जुटाए गए हैं।
गौरतलब है कि वेंकट रेड्डी को 6 दिसंबर को ACB ने उस समय गिरफ्तार किया था, जब वे इन-चार्ज डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर (DEO) के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने एक स्कूल को अनुमति देने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
ACB की ओर से बताया गया है कि मामले की जांच जारी है और संपत्तियों के स्रोतों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
