RANCHI
आगामी सरस्वती पूजा पर्व को लेकर हिन्दपीढ़ी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिन्दपीढ़ी थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा ने की। इस बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि और हिन्दपीढ़ी शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि सरस्वती पूजा के आयोजन के दौरान सबसे पहले झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पूजा समितियां समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।
थाना प्रभारी ने आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, लेकिन शांति और व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों और आयोजकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर तुरंत थाना को अवगत कराएं।
बैठक के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं और सुझावों को रखा, जिस पर थाना प्रभारी ने आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा।
