झारखंड में स्वास्थ्य क्रांति: केंद्र से आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हाईटेक लैब व हेल्थ कॉटेज को मंजूरी

New Delhi


झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सक्रिय पहल से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलने जा रही है। नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव के साथ हुई अहम बैठक में झारखंड को हेल्थ हब के रूप में विकसित करने से जुड़े कई प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इस बैठक में झारखंड स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार भी मौजूद रहे।

करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक, मजबूत और जनहितकारी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कई अहम फैसलों पर सहमति जताई।

बैठक में झारखंड में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना पर सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि औषधीय पौधों और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद झारखंड में अब तक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज नहीं था। इसे देखते हुए एक सरकारी और एक निजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया, जिसे केंद्र ने स्वीकार किया।

इसके अलावा राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और रांची सदर अस्पताल में जापानी तकनीक से लैस हाईटेक लैब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे मरीजों को जांच और इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा और एक ही जगह सटीक जांच व बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।

बैठक में धनबाद के SNMCH और जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में एमबीबीएस सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने और पीजी सीटों में इजाफे पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण के बाद सीट वृद्धि की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

राज्य के सभी जिलों में वेलनेस हेल्थ सेंटर यानी हेल्थ कॉटेज के निर्माण पर भी सहमति बनी है। यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार के बीच 60:40 के वित्तीय सहयोग से लागू होगी। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इससे मरीजों को बेहतर माहौल में इलाज मिलेगा और सरकारी अस्पतालों पर भरोसा बढ़ेगा।

बैठक में झारखंड की अबुआ स्वास्थ्य योजना को लेकर भी चर्चा हुई, जिसके तहत कार्डधारकों को 15 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने इस योजना में सहयोग के लिए दो अस्पतालों के नाम जल्द भेजने का निर्देश दिया है।

इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय मंत्री को झारखंड की पारंपरिक शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड हेल्थ मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में राज्य स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार पूरा सहयोग देगी।

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड आने का निमंत्रण भी स्वीकार किया है और जल्द राज्य का दौरा कर स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *