DEOGHAR
प्राथमिक विद्यालय बारातांड में पिछले तीन वर्षों से खराब पड़े चापानल का मामला अब सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। कांग्रेस नेत्री ब्यूटी मंडल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि विद्यालय का चापानल बीते तीन साल से खराब है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अविलंब चापानल की मरम्मत कर बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
ब्यूटी मंडल के इस पोस्ट पर पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने संज्ञान लिया है। उन्होंने देवघर उपायुक्त को टैग करते हुए एक्स पर लिखा कि मामले में आवश्यक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया जाए।
बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय बारातांड में चापानल खराब रहने के कारण न केवल बच्चों बल्कि शिक्षकों को भी पेयजल के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा कई बार विभाग और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सभी विद्यालयों में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था चालू हालत में रखने का निर्देश है, इसके बावजूद तीन वर्षों से चापानल की मरम्मत नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब ठंड के मौसम में बच्चों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, तो भीषण गर्मी में स्थिति कितनी भयावह होगी।
वहीं, विद्यालय में मध्याह्न भोजन संचालित करने वाली सेविका और सहायिका दीदियों ने बताया कि उन्हें दूर-दराज से पानी लाकर भोजन बनाना पड़ता है, जिससे काम में काफी दिक्कत होती है। स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द चापानल दुरुस्त कराने की मांग की है, अन्यथा जिला उपायुक्त से शिकायत करने की चेतावनी दी है। फिलहाल इस मामले पर विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
