नव वर्ष में नए संकल्प और ऊर्जा के साथ झारखंड के विकास को गति देने का आह्वान
RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नव वर्ष 2026 की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी सभी का स्वागत करते हुए नववर्ष की शुभकामनाओं के लिए आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नव वर्ष नया संकल्प, नई ऊर्जा और नए अवसर लेकर आता है। वर्ष 2026 को झारखंड की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनाने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता के साथ शासन-प्रशासन राज्य के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार और जनता के सहयोग से झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में यह वर्ष मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने सभी से एकजुट होकर सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह, जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, अपर सचिव प्रीति रानी, धनंजय सिंह, सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार सिंह सहित पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और कोडरमा के उपायुक्त उपस्थित रहे।
वहीं पुलिस अधिकारियों में डीजी होमगार्ड एम. एस. भाटिया, डीआईजी दुमका अमर लकड़ा सहित लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, गुमला, खूंटी और मुसाबनी ट्रेनिंग सेंटर के एसपी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
