गांधी, तिरंगा और संविधान पर किसी भी चोट के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी: बंधु तिर्की

बेड़ो में लोकतंत्र बचाओ देश बचाओ कार्यक्रम, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

RANCHI

पूर्व मंत्री, झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि महात्मा गांधी, तिरंगा और संविधान के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता कभी यह स्वीकार नहीं करेगी कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़े उस कानून का स्वरूप बदला जाए, जिसके माध्यम से गरीबों और बेरोजगारों को निश्चित लाभ मिलता रहा है।

बेड़ो प्रखंड के डोरंडा पंचायत में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि लोकतंत्र बचेगा तभी देश बचेगा, आगे बढ़ेगा और विकास संभव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार केवल सत्ता में बने रहने के लिए सभी मर्यादाओं और परंपराओं को दरकिनार कर संविधान को नुकसान पहुंचा रही है, जो देश के लिए गंभीर रूप से घातक है।

बैठक के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण था, जिसे वर्तमान सरकार समाप्त करने की कोशिश कर रही है।

बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार से सरना धर्म कोड लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने पंचायत स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से काम करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य बेरोनिका उरांव, उप प्रमुख मोदस्सीर हक, मुखिया महाबीर उरांव, विधायक प्रतिनिधि फहीमुल हक, शंभु राम, मंकु कुजूर, पंचायत अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, रुस्तम अंसारी, यूनुस अंसारी, अल्फार्ड, अजीज अंसारी, कयूम, गणेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *