दिल्ली में प्रदूषण: घने स्मॉग और ठंड की मार, दिल्ली में AQI फिर गंभीर सीमा के पास; चेतावनी जारी

 

 




NEW DELHI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। रविवार को घने स्मॉग, कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते हालात तेजी से बिगड़े और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी के बेहद करीब पहुंच गया। खराब हवा ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, रविवार रात 11 बजे तक दिल्ली का AQI बढ़कर 410 दर्ज किया गया, जो सीधे तौर पर ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। हालांकि रात के दौरान थोड़ी राहत महसूस की गई, लेकिन सोमवार सुबह भी स्थिति चिंताजनक बनी रही। सुबह करीब साढ़े छह बजे AQI 396 रिकॉर्ड किया गया, जो अब भी गंभीर स्तर के करीब था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में हवा की स्थिति बेहद खराब रही। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में चांदनी चौक (455), वज़ीरपुर (449), रोहिणी (444), जहांगीरपुरी (444), आनंद विहार (438) और मुंडका (436) शामिल रहे, जहां प्रदूषण गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

मौसम ने भी हालात और मुश्किल बना दिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण दृश्यता में भारी कमी आई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली में पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री तक दर्ज किया गया। दिनभर स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की रफ्तार कम होना और तापमान में उलटफेर जैसे मौसमी कारणों से प्रदूषक जमीन के पास ही फंसे हुए हैं। सर्दी के बढ़ते ही दिल्ली को एक बार फिर प्रदूषण के गंभीर दौर से गुजरना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *