जिला स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के 3000 विशिष्ट आंदोलनकारियों को मिला सम्मान

3rd December 2025




RANCHI

मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र वितरण हेतु जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें तीन हजार से अधिक अधिसूचित आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। यह समारोह गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड के निर्देश पर आयोजित किया गया।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने विशिष्ट आंदोलनकारियों को सांकेतिक रूप से प्रमाण-पत्र प्रदान कर राज्य सरकार की ओर से सम्मान और आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी राज्य निर्माण की आधारशिला हैं और उनके संघर्ष व योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन उनकी सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर काम कर रहा है।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि आंदोलनकारियों का संघर्ष ही झारखंड राज्य निर्माण का मूल आधार रहा है और वे भविष्य में भी जिला व राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
रांची जिला प्रशासन ने इस आयोजन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि आंदोलनकारियों का त्याग और संघर्ष राज्य सरकार के लिए सर्वोच्च सम्मान का विषय है और उनकी सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *