3 साल से अटकी स्कॉलरशिप पर छात्रों की बढ़ी चिंता, JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो की राज्यपाल से गुहार

12th November 2025

RANCHI


झारखंड के करीब 65 लाख छात्रों को तीन साल से स्कॉलरशिप नहीं मिलने का मुद्दा अब राजभवन पहुंच गया है। झारखंड लोक कल्याण मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्रनाथ महतो ने इस गंभीर समस्या को लेकर राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा।

महतो ने राज्यपाल को बताया कि स्कॉलरशिप की मदद से अब तक राज्य के लाखों छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं और उनमें से कई आज IAS, IPS, डॉक्टर, इंजीनियर, BDO, CO जैसे पदों पर कार्यरत हैं। लेकिन वर्तमान में यूजी, पीजी, बीएड, मेडिकल, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, फार्मेसी, डिप्लोमा और एग्रीकल्चर कोर्स में पढ़ने वाले छात्रों को पिछले तीन वर्षों से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि इससे गरीब, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और कई छात्र आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। देवेंद्रनाथ महतो ने राज्यपाल से मांग की है कि लंबित स्कॉलरशिप का भुगतान तत्काल कराया जाए ताकि विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *