HAZARIBAG
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को हजारीबाग में आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान खोरठा साहित्यकार, कवि, फिल्म लेखक, निर्देशक एवं गीतकार विनय तिवारी को सम्मानित किया। खोरठा गीत-संगीत, साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल ने विनय तिवारी को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान दिल्ली एवं महादेव स्मारक खादी ग्राम उद्योग मंडल रांची के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की स्थानीय भाषाओं, कला और संस्कृति के संरक्षण तथा उसे व्यापक मंच तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड में गीत, संगीत एवं सिनेमा के विकास के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देना जरूरी है। स्थानीय भाषा, कला और कलाकारों को प्राथमिकता देकर झारखंड की कला एवं संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
तीन दशकों से खोरठा भाषा और संस्कृति के लिए सक्रिय
विनय तिवारी लंबे समय से खोरठा गीत-संगीत, सिनेमा एवं साहित्य के संरक्षण-संवर्द्धन, विकास एवं प्रचार-प्रसार में लगे हैं। वे विगत तीन दशकों से खोरठा गीत, संगीत, सिनेमा एवं साहित्य को प्रतिष्ठा दिलाने के लिए निरंतर बहुविध संघर्षरत हैं।
विभिन्न स्तर के खोरठा सिलेबस में उनकी रचनाओं को पढ़ाया भी जाता है। उनके लिखे गीत एवं कविताओं पर शोध हो चुका है और अभी भी शोध कार्य जारी है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर उनकी वार्ता एवं गीत भी प्रसारित होते रहते हैं।
बिरहोर और खोरठा भाषा के संरक्षण में भी योगदान
विनय तिवारी झारखंड के पहले व्यक्ति हैं, जो विलुप्तप्राय भाषा बिरहोर एवं खोरठा के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए भित्तिचित्र के माध्यम से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। उनके प्रयासों के जरिए स्थानीय भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम, मशहूर एक्टर रमन गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान, किशोर सावन प्रदेश अध्यक्ष, राजमनी जी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


