DHANBAD
झरिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बरारी कोलियरी में सोमवार को 63 दिवसीय अभ्यास पाठ पूरा करने वाले डीएलएड प्रशिक्षुओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं के शिक्षण कार्य एवं विद्यालय में उनके सराहनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन डीएलएड प्रशिक्षु प्रीतम कुमार महतो, भजन लाल महतो एवं पूनम कुमारी ने किया। प्रशिक्षुओं की सुपरवाइजर शबनम परवीन ने उनके बेहतर शिक्षण कार्य एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षुओं ने पूरे अभ्यास पाठ के दौरान जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वजीत माजि ने सभी डीएलएड प्रशिक्षुओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। लंबे समय तक विद्यालय में साथ रहने के बाद विदाई के क्षण में सभी की आंखें नम हो गईं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोहन लाल महतो, मो. अरमान, अनारुल होदा, रिंकू कुमार रविदास, शंभू कुमार, उमेश कुमार, जगत महतो, अभिनीत बनर्जी, बिनोद कुमार महतो, मो. आलम तथा शिक्षिकाएं रेणु कुमारी, टिंकू कुमारी एवं मेहजबीन मैम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने डीएलएड प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल शिक्षक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
