RANCHI
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत रांची जिले के शहरी क्षेत्रों में शनिवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने पहुंचकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त किए और भरे हुए प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास जमा किए।
शिविर के दौरान जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र नहीं मिला था, उन्हें प्रपत्र उपलब्ध कराया गया। वहीं, बीएलओ ने मतदाताओं को फॉर्म भरने और उसे जमा करने की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिन मतदाताओं का गणना प्रपत्र अब तक प्राप्त या जमा नहीं हो सका है, उनके लिए 20 जुलाई 2026 को भी सभी शहरी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने शहरी क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें या भरा हुआ प्रपत्र जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करना विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने पहले ही अपना गणना प्रपत्र बीएलओ के पास जमा कर दिया है या ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है।
