RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिविजन) और डूरंड कप के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि देश के प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी इस वर्ष रांची को मिली है और प्रतियोगिता के 26 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों, आधारभूत व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डूरंड कप भारतीय खेल परंपरा का गौरवशाली अध्याय है और इसकी मेजबानी मिलना झारखंड के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य खेलों के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है और ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि टूर्नामेंट से जुड़ी सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि आयोजन सफल और यादगार बन सके। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार खेलों के विकास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
