बोधगया में सख्ती: महाबोधि मंदिर की गरिमा बचाने को फर्जी भिक्षुओं के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान


Bodhgaya

बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर में फर्जी भिक्षुओं की बढ़ती समस्या को लेकर अब प्रशासन और संबंधित संस्थाएं पूरी तरह सख्त हो गई हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अवैध रूप से धन वसूलने की घटनाओं ने मंदिर की छवि और सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद ठोस कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।

शनिवार को इस मुद्दे पर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें इंटरनेशनल बुद्धिस्ट काउंसिल, ऑल इंडिया भिक्षु संघ, बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (BTMC) और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (B.SAP) के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी पक्षों ने माना कि भिक्षु वेश में ठगी करने वाले लोग न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचा रहे हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं।

बैठक के दौरान आईबीसी के अध्यक्ष भिक्षु नावांग ज्ञयात्सो और सचिव भिक्षु प्रज्ञादीप ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्पष्ट नीति बनाने की जरूरत बताई। अन्य सदस्यों ने भी सुझाव देते हुए कहा कि मंदिर परिसर में निगरानी और पहचान प्रक्रिया को और मजबूत किया जाए।

इस बैठक में सबसे अहम फैसला यह लिया गया कि फर्जी भिक्षुओं पर नकेल कसने के लिए B.SAP और BTMC संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे। सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि वे संदिग्ध लोगों की पहचान करें और उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश से रोकें।

इसके साथ ही विभिन्न बौद्ध मठों से यह अपील भी की गई कि वे धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के बीच पैसे बांटने की परंपरा को बंद करें। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की परंपराएं अनजाने में फर्जी भिक्षुओं को बढ़ावा देती हैं।

BTMC की ओर से मंदिर परिसर में जागरूकता बढ़ाने के लिए डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दे सकें। बैठक के बाद अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया और मौके पर मौजूद कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।

इस दौरान बीटीएमसी की सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी, सदस्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह, किरण लामा सहित कई बौद्ध संगठनों के प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इस संयुक्त कार्रवाई से मंदिर परिसर की गरिमा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *