New Delhi/Gorakhpur
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित एकता पदयात्रा के दौरान घोषणा की कि अब राज्य के सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन अनिवार्य किया जाएगा। उन्होंने इस फैसले को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर कहा कि “वंदे मातरम् ने आजादी के आंदोलन में भारत की सोई हुई चेतना को जगाया था, और आज भी यह हमारे राष्ट्र गौरव का प्रतीक है।” उन्होंने साफ कहा कि कोई भी मजहब या व्यक्तिगत मत राष्ट्र से ऊपर नहीं हो सकता।
योगी ने अपने संबोधन में समाज में विभाजन पैदा करने वाली ताकतों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र या भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वाले दरअसल नए ‘जिन्ना’ पैदा करने की साजिश का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जो लोग राष्ट्र से बड़ा बनने की कोशिश करेंगे, उन्हें समय रहते रोकना होगा।
उन्होंने सपा के एक सांसद का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार करते हैं, लेकिन जिन्ना को सम्मान देने वाले कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को पहचानना और समाज को एकजुट रखना हम सबका दायित्व है। राज्य सरकार के इस निर्देश के बाद शिक्षा विभाग अब सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘वंदे मातरम्’ गायन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगा।
