योग केवल कसरत नहीं, जीवन को बदलने वाली भारतीय विद्या है- डॉ इरफान अंसारी

रांची

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का सपना है कि झारखंड एक स्वस्थ और सशक्त राज्य बने। इसी दिशा में स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा, “योग न केवल हमें ऊर्जावान बनाता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, शांति और सामंजस्य भी लाता है। यदि हर नागरिक प्रतिदिन कुछ मिनट योग करे, तो न केवल उसका जीवन बल्कि पूरा समाज स्वस्थ और समृद्ध बन सकता है।”

डॉ. अंसारी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रांची स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जनसमूह को योग के लाभ और महत्व के बारे में जागरूक किया। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवनशैली है”

डॉ. अंसारी ने कहा, “योग केवल कसरत नहीं है, यह एक ऐसी जीवनशैली है जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम है।” उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा दे रही है।

नई पीढ़ी को योग से जोड़ना ज़रूरी है”

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योग हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पूर्वी जेल रोड, रांची में आम नागरिकों के लिए राज्य स्तरीय योग केंद्र संचालित है। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को भी योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य के 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगभग 1000 योग प्रशिक्षक कार्यरत हैं। पुरुष प्रशिक्षक हर महीने 32 और महिला प्रशिक्षक 20 योग सत्र आयोजित कर रहे हैं। रांची और पूर्वी सिंहभूम में 50 बिस्तरों वाले धन्वंतरि आयुष अस्पतालों का निर्माण चल रहा है। साथ ही, 10 चलंत आयुष अस्पताल, पंचकर्म केंद्र और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष आयुष शिविरों की योजना पर भी कार्य प्रगति पर है।

योग दिवस अब एक वैश्विक उत्सव बन चुका है”

कार्यक्रम में रांची विधायक सी. पी. सिंह ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा, “योग दिवस अब एक वैश्विक उत्सव बन चुका है। झारखंड सरकार का यह प्रयास सराहनीय है और हम सभी को योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या में शामिल करना चाहिए।”

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. डी. के. शाही, आयुष निदेशक सीमा कुमारी उदयपुरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

Ads Jharkhand Ads Jharkhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *