एंटरटेनमेंट डेस्क
National Film Awards से ठीक पहले New Delhi Film Foundation द्वारा आयोजित टॉक सिनेमा ऑन द फ्लोर के सितंबर चैप्टर (21 सितंबर 2025, रविवार) में इस बार मुंबई से चर्चित पटकथा लेखक अशोक मिश्रा शामिल होंगे। उनकी लिखी फिल्म कटहल (नेटफ्लिक्स) को सिर्फ दो दिन बाद इस साल की बेस्ट फीचर फिल्म इन हिंदी का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहा है। दो बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अशोक मिश्रा की प्रमुख फिल्मों में श्याम बेनेगल और सईद अख़्तर मिर्ज़ा जैसे फिल्मकारों के लिए लिखी समर, नसीम, वेलकम टू सज्जनपुर, वेलडन अब्बा और दूरदर्शन का लोकप्रिय धारावाहिक भारत एक खोज शामिल हैं।
इस आयोजन में साउंड डिज़ाइन विशेषज्ञ सिद्धार्थ सदाशिव भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने भारत के अलावा कनाडा और चीन में भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। जिन प्रमुख फिल्मों में उन्होंने साउंड डिज़ाइन किया है, उनमें अल्लू अर्जुन की बहुचर्चित पुष्पा 2 – द रूल और कमल हासन की इंडियन 2 भी शामिल हैं। श्री अरबिंदो सेंटर फॉर आर्ट्स एंड क्रिएटिविटी (SACAC), नई दिल्ली में होने जा रहा यह आयोजन दिल्ली-एनसीआर के फिल्म प्रेमियों, फिल्मकारों और क्रिएटिव प्रतिभाओं के लिए एक अहम अवसर साबित होगा।
