शादी का वादा कर एक करोड़ की ठगी, मुर्शिदाबाद पुलिस आरोपी की तलाश में पहुंची देवघर

तलाकशुदा महिला से करोड़ों ऐंठ फरार हुआ युवक, मधुपुर में तलाश तेज

DEOGHAR

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर एक करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी की तलाश में बंगाल पुलिस की टीम शनिवार को झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथगंज थाना की पुलिस मधुपुर थाना की टीम के साथ मीनाबाजार मोहल्ला में छापेमारी करने पहुंची। बताया जाता है कि पीड़िता मुर्शिदाबाद के उमरपुर शहर में एक मार्केट कॉम्प्लेक्स की मालकिन है। उसी कॉम्प्लेक्स में आरोपी युवक कंप्यूटर की दुकान चलाता था।

कारोबारी रिश्ते से बढ़ी नजदीकियां

दुकान चलाने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फिर बातचीत बढ़ती गई। महिला ने शादी की बात रखी तो युवक ने कारोबार बढ़ाने के लिए पैसों की जरूरत बताई। उसने भरोसा दिलाया कि व्यापार बढ़ने के बाद वह शादी करेगा। महिला उसके झांसे में आ गई।

इसके बाद पिछले साल जनवरी से आरोपी ने महिला के खाते से धीरे-धीरे पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए। करीब एक करोड़ रुपये निकालने के बाद युवक ने दुकान बंद कर दी और फरार हो गया।

पहले से शादीशुदा निकला आरोपी

जब आरोपी का कोई पता नहीं चला तो महिला को ठगी का एहसास हुआ। जांच-पड़ताल में पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और मधुपुर का रहने वाला है। इसके बाद महिला ने मुर्शिदाबाद में मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में बैंक ट्रांसफर के सबूत सामने आए, जिसके आधार पर बंगाल पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में मधुपुर पहुंची है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *