रांची में अवैध वसूली का वीडियो वायरल, PCR चालक सस्पेंड; सिटी SSP की त्वरित एक्शन

Ranchi, Police, Viral, Corruption, Action

Ranchi

राजधानी के सुजाता चौक पर पीसीआर वाहन के चालक द्वारा बालू लदे ट्रक से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित चालक को निलंबित कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब दस बजे पीसीआर चालक ने सड़क के बीच बालू लदे वाहन को रोका। इसी दौरान पैसे के लेन-देन का दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई।

मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा ने स्वयं स्थिति का जायजा लिया और प्रारंभिक जांच के बाद पीसीआर चालक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का आदेश दिया। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

जांच के दौरान चालक की ओर से दावा किया गया कि वाहन चालक रास्ते से संबंधित जानकारी ले रहा था और पैसे लेने का आरोप गलत है। हालांकि, वायरल वीडियो और आम लोगों की प्रतिक्रिया को देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों से जुड़े अनुशासनहीनता के मामलों पर एसएसपी ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *