जमशेदपुर: रेल फाटक पर लुढ़की बस ने स्कूटी को कुचल डाला, 16 वर्षीय अंजली की जान गई, एक बच्ची गंभीर


हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क और रेल ट्रैक जाम, बस में तोड़फोड़

Jamshedpur

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा रेल फाटक के पास सोमवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 16 वर्षीय किशोरी अंजली कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर मौजूद 10 वर्षीय चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेल फाटक बंद होने के कारण रहरगोड़ा से साकची की ओर जाने वाली भोले शंकर बस फाटक के पास खड़ी थी। आरोप है कि बस चालक और खलासी बिना हैंडब्रेक लगाए बस छोड़कर चाय पीने चले गए। इसी दौरान बस अचानक पीछे की ओर लुढ़क गई और पीछे खड़ी स्कूटी को कुचलते हुए अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में जान गंवाने वाली अंजली कुमारी परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा सुभाष टोला की रहने वाली थी। वह किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकली थी। उसके साथ उसकी चचेरी बहन निधि कुमारी भी थी, जिसकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते गुस्सा बढ़ा और लोगों ने रेलवे ट्रैक भी जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने बस में तोड़फोड़ भी की, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रहरगोड़ा–साकची मार्ग पर चलने वाली अधिकांश बसें अनफिट हालत में हैं, फिर भी उन्हें सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। लोगों ने इस हादसे के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए बसों की फिटनेस जांच कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

मृतका के पिता संतोष कुमार ठाकुर सैलून चलाते हैं। परिजनों के अनुसार अंजली तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी। परिवार ने दोषी बस चालक और खलासी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग की है।

सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। बस चालक की लापरवाही, हैंडब्रेक न लगाए जाने और बस मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *