संविदा मजदूर की मौत से हड़कंप, प्लांट में सुरक्षा पर उठे सवाल
BOKARO
बोकारो स्टील प्लांट में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय दिनेश महतो के रूप में हुई है, जो प्लांट में संविदा मजदूर के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, दिनेश महतो प्लांट के आईएमएफ विभाग में क्रेन संख्या 3 पर काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद सहकर्मियों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान कुछ देर बाद ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद प्लांट में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
