उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने किया देर रात निरीक्षण, सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर
RANCHI
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत मतगणना की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त रांची मंजुनाथ भजन्त्री ने देर रात मतगणना स्थलों एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा मतगणना के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतगणना हॉल को अंतिम रूप दे दिया गया है।
एजेंटों के लिए जरूरी निर्देश
मतगणना में भाग लेने वाले प्रत्याशियों के एजेंटों को निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही फोटोयुक्त अलग पहचान पत्र रखना भी आवश्यक है। मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
उपायुक्त ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतगणना से लेकर परिणाम घोषणा तक पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन 24 घंटे निगरानी बनाए हुए है।
प्रशासन ने सभी नागरिकों, प्रत्याशियों और एजेंटों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
