Ranchi/Sonitpur
असम के सुनितपुर में आयोजित ‘जाति बचाओ, माटी बचाओ’ यात्रा के बाद हुई आमसभा में झारखंड के पूर्व मंत्री और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने हेमंता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि असम में मौजूदा सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है और विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन तय है।
वरीय पर्यवेक्षक के तौर पर असम दौरे पर पहुंचे बंधु तिर्की ने कहा कि यात्रा के दौरान यह साफ दिख रहा है कि आम लोग भाजपा सरकार से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने असमिया समाज के बीच विभाजन की दीवार खड़ी की है और इसका परिणाम चुनाव में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता आपसी सद्भाव, विकास और असमी संस्कृति की रक्षा के लिए कांग्रेस पर भरोसा जता रही है।
बंधु तिर्की ने हेमंता सरकार को लोकतंत्र पर धब्बा बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और विभाजनकारी नीतियों से लोग त्रस्त हैं। उनके मुताबिक, सरकार ने असमिया लोगों के हक-अधिकारों की अनदेखी की है और ऐसे फैसले लिए हैं जिनका संवैधानिक व्यवस्था में कोई स्थान नहीं है।
आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की और कहा कि असम की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है, जिसे बदलने की जरूरत है।
कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, असम प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीरा बोठाकुर, सांसद प्रद्युत बोरदोलोइ, सांसद रकीबुल हुसैन समेत कई सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
