रांची में साहित्यकारों का सम्मान समारोह, जेब अख्तर सहित 22 रचनाकारों को मिला सम्मान


RANCHI


कथाकार और द फॉलोअप के संपादक जेब अख्तर को साहित्य लेखन के लिए राधाकृष्ण स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रांची के प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में साहित्यकार विद्याभूषण, शंभू बादल और प्रसिद्ध लेखिका व सांसद महुआ माजी के हाथों प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति की ओर से किया गया था।

सम्मान प्राप्त करने के बाद जेब अख्तर ने कहा कि झारखंड में साहित्य अकादमी की स्थापना बेहद जरूरी है और सरकार को इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी साहित्यकार पुरस्कार पाने के लिए नहीं लिखता, बल्कि वह या तो अपने विरोध को दर्ज कराने के लिए लिखता है या फिर समाज के सामने अपनी बात रखने के लिए लिखता है। उन्होंने कहा कि जब ऐसे प्रयासों को सम्मान मिलता है तो यह महसूस होता है कि समाज ने आपके काम को नोटिस किया है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष शिरोमणि महतो ने कहा कि झारखंड में साहित्य अकादमी की स्थापना के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी है। उन्होंने पिछले सात वर्षों से चल रहे अभियान और उसके प्रयासों का विस्तृत लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। वहीं सांसद और लेखिका महुआ माजी ने झारखंड में साहित्य अकादमी की स्थापना के लिए सरकार और अपने स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विभिन्न भाषाओं और साहित्यिक क्षेत्रों से जुड़े कुल 22 साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित साहित्यकारों की सूची

  1. बिरसा मुंडा शिखर सम्मान – विद्याभूषण, रांची (समग्र साहित्यिक अवदान)
  2. बिनोद बिहारी महतो स्मृति सम्मान – डॉ. बी.एन. ओहदार, रामगढ़ (झारखंड की भाषा व संस्कृति संवर्धन)
  3. दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति सम्मान – डॉ. महुआ माजी, रांची (साहित्य और राजनीति)
  4. राधाकृष्ण स्मृति सम्मान – जेब अख्तर, बेरमो (कथा साहित्य)
  5. डॉ. रामदयाल मुंडा स्मृति सम्मान – सुशील कुमार, दुमका (हिंदी कविता व पर्यावरण विषयक रचनाएं)
  6. बी.पी. केशरी स्मृति सम्मान – डॉ. मिथलेश, रांची (आलोचना और संपादन)
  7. फादर कामिल बुल्के स्मृति सम्मान – कमल, रांची (कथा और अनुवाद)
  8. भारत यायावर स्मृति सम्मान – अशोक सिंह, दुमका (समकालीन कविता)
  9. पद्मश्री गिरधारी राम गोंझू स्मृति सम्मान – डॉ. शकुंतला मिश्रा, रांची (नागपुरी भाषा साहित्य)
  10. शिवनाथ प्रमाणिक स्मृति सम्मान – डॉ. दिनेश दिनमणि, बोकारो (खोरठा भाषा साहित्य)
  11. रघुनाथ महतो स्मृति सम्मान – वसंत जमशेदपुरी, जमशेदपुर (छंद काव्य रचना)
  12. कॉमरेड महेंद्र प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान – रूपलाल बेदिया, धनबाद (कथा व वैचारिक लेखन)
  13. श्रवण कुमार गोस्वामी स्मृति सम्मान – श्यामल बिहारी महतो, बोकारो (हिंदी कहानी)
  14. रघुनाथ मूर्मू स्मृति सम्मान – श्याम सी. टूड्डू, सिंहभूम (संथाली भाषा साहित्य)
  15. रमणिका गुप्ता स्मृति सम्मान – सुषमा सिन्हा, धनबाद (हिंदी कविता)
  16. डोमन साहु समीर स्मृति सम्मान – चंद्रिका ठाकुर देशदीप, हजारीबाग (हिंदी व अंगिका भाषा साहित्य)
  17. सृष्टिधर महतो स्मृति सम्मान – डॉ. वृंदावन महतो, रांची (कुड़माली भाषा साहित्य)
  18. जनार्दन गोस्वामी स्मृति सम्मान – डॉ. उत्तम पियूष, देवघर (हिंदी कविता)
  19. भाषामित्र सम्मान – राजेश पाठक, गोड्डा (कविता पुस्तक पांडुलिपि)
  20. सुशीला सामद स्मृति सम्मान – शारदा प्रसाद, रामगढ़ (हिंदी भाषा साहित्य)
  21. जगन्नाथ महतो स्मृति सम्मान – डॉ. पराग किशोर सिंह, बूंडू, रांची (पंचपरगनिया भाषा साहित्य)
  22. भाषामित्र सम्मान – डॉ. कृष्णा गोप, हजारीबाग (झारखंडी भाषा संस्कृति)

समिति ने बताया कि भविष्य में झारखंड की अन्य भाषाओं को भी शामिल करते हुए इस सम्मान योजना का और विस्तार किया जाएगा

इन सम्मानों के लिए साहित्यकारों का चयन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें समिति के अध्यक्ष शिरोमणि महतो, महासचिव नीरज नीर और उपाध्यक्ष विनोद कुमार राज विद्रोही शामिल थे।

कार्यक्रम के अंत में समिति के अध्यक्ष शिरोमणि महतो और महासचिव नीरज नीर ने सभी चयनित साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *