6 महीनों से सीमित दायरे में घरेलू शेयर बाजार, इन शेयरों ने बचा रखी है निवेशकों की उम्मीद

10th November 2025

New Delhi  

पिछले छह महीनों से घरेलू शेयर बाजार बहुत कम उतार-चढ़ाव के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी और सेंसेक्स में मामलू बढ़ोतरी हुई। हालांकि, इस दौरान कुछ छोटी और मध्यम आकार की कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। इन कंपनियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के कारण विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) का ध्यान आकर्षित किया है। इन कंपनियों ने पिछले छह महीनों में 298% तक का रिटर्न दिया है।

इन शेयरों ने दिया जबरदस्त रिटर्न

इस लिस्ट में BGR Energy Systems Limited सबसे आगे है। यह कंपनी पावर और पेट्रोकेमिकल सेक्टर के लिए मशीनरी बनाती है। पिछले छह महीनों में इसके शेयर में 298% की बढ़ोतरी हुई है, जो 101.88 रुपये से बढ़कर 406 रुपये हो गया है। जून तिमाही में कंपनी में FPIs की हिस्सेदारी सिर्फ 0.01% थी, जो सितंबर तिमाही में बढ़कर 0.10% हो गई। शुक्रवार को कंपनी के शेयर 406 रुपये पर बंद हुए, जो 0.83% ऊपर था।

कॉटन ट्रेडिंग कंपनी सोमा टेक्सटाइल्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में भी पिछले छह महीनों में 243% की भारी बढ़ोतरी देखी गई है। इस दौरान कंपनी के शेयर की कीमत 43.08 रुपये से बढ़कर 148.15 रुपये हो गई। जून तिमाही में विदेशी निवेशकों की कंपनी में कोई हिस्सेदारी नहीं थी, लेकिन उन्होंने सितंबर तिमाही में 0.05% हिस्सेदारी हासिल कर ली। शुक्रवार को शेयर 4.97% गिरकर 148.15 रुपये पर बंद हुआ।

इंजीनियरिंग कंपनी HBL Power Systems Limited ने भी पिछले छह महीनों में 108% का रिटर्न दिया है। इसके शेयर की कीमत 468.85 रुपये से बढ़कर 976.80 रुपये हो गई। यह कंपनी बैटरी और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स बनाती है। पहली तिमाही में विदेशी निवेशकों की कंपनी में 4.83% हिस्सेदारी थी, जो दूसरी तिमाही में बढ़कर 7.10% हो गई। शुक्रवार को शेयर 1.20% बढ़कर 976.80 रुपये पर बंद हुआ।

गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GMDC) ने भी पिछले छह महीनों में निवेशकों का पैसा लगभग दोगुना कर दिया। इसके शेयर की कीमत 301.65 रुपये से बढ़कर 600.20 रुपये हो गई, जो 98.97% की बढ़ोतरी है। विदेशी निवेशकों ने कंपनी की परफॉर्मेंस देखकर उसमें अपनी हिस्सेदारी बढ़ा दी है। जून तिमाही में कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 2.25% थी, जो सितंबर तिमाही में बढ़कर 3.32% हो गई। शुक्रवार को यह 5.98% बढ़कर 600.20 रुपये पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *