NEW DELHI
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को सुप्रीम कोर्ट की ओर से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों को दिए गए सरकारी ठेकों में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को निर्देश दिया है। बताया गया है कि यह मामला करीब 1270 करोड़ रुपये के ठेकों में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है, जिसमें खांडू परिवार की चार कंपनियां जांच के घेरे में आ गई हैं।
इसी के साथ, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि किसी भी तरह का रिकॉर्ड नष्ट न हो। मिली खबर के मुताबिक मुख्य सचिव को एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आदेश दिया गया है, जो CBI के साथ समन्वय बनाए रखेगा और जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित करेगा।
अदालत के आदेश में कहा गया है कि CBI पहले प्रारंभिक जांच दर्ज करेगी। इसमें नवंबर 2015 से 2025 के बीच दिए गए टेंडर, ठेके और उनके क्रियान्वयन की पूरी प्रक्रिया की जांच होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने एजेंसी को 16 सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट पेश करने को कहा है, जिसमें आगे स्वतंत्र जांच की आवश्यकता पर फैसला लिया जाएगा।
इस मामले में याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि करीब 1,245 करोड़ रुपये के कार्य बिना उचित प्रक्रिया के मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ी कंपनियों को दिए गए हैं। इनमें उनकी पत्नी, माता और भतीजे से जुड़ी फर्मों के नाम सामने आए हैं। आरोप यह भी लगाया गया है कि कई मामलों में टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जिससे पूरे मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है।
