छात्रों ने किया शांतिपूर्ण विरोध
PALAMU
पलामू जिले के पांकी प्रखंड स्थित डंडार कला के मजदूर किसान इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं के 395 छात्र-छात्राओं को एडमिट कार्ड जारी नहीं किए जाने के विरोध में छात्रों और सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में प्रतीकात्मक रूप से ताला लगाकर छात्रों ने अपनी नाराजगी जताई।
प्राचार्य की अनुपस्थिति में किया विरोध प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार छात्रहित सर्वोपरि मंच के पलामू जिला अध्यक्ष दीपू कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कॉलेज पहुंचा, लेकिन उस समय प्राचार्य कॉलेज में मौजूद नहीं थे। वहां उपस्थित शिक्षकों से इस संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने मामले की विस्तृत जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद छात्र-छात्राओं और संगठन के कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से कॉलेज में प्रतीकात्मक ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया।
छात्रों की परीक्षा सुनिश्चित करने की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक वंचित छात्रों की परीक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष आमिर हमजा ने भी प्रशासन से हस्तक्षेप कर छात्रों की परीक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
विशेष परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग
प्रदेश संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार और प्रदेश सचिव रईस अंसारी ने कहा कि यदि जल्द विशेष परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा। संगठन ने झारखंड अधिविद्य परिषद और प्रशासन से मांग की है कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान निकाला जाए।
